उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड: देर रात वकील की गोली मारकर हत्या, पुलिस टीम घटना स्थल पर

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून में शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात बड़ी वारदात हो गई। एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार साहिल पेशे से वकील था और घटना के समय अपने घर में भाई के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ हमलावर सुनियोजित तरीके से वहां पहुंचे और साहिल को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक दिन पहले ही बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद की पीट पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पहुंचे। पटेलनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Ad Ad

मामला पुरानी रंजिश या किसी पूर्व नियोजित साजिश से जुड़ा हो सकता है इसलिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, देर रात हुई इस सनसनीखेज हत्या ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।