चम्पावत : गोरल चौड़ मैदान में चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान हुआ दुखद हादसा, भाला लगने से पॉलिटेक्निक के छात्र की मौत
चम्पावत। जिला मुख्यालय स्थित गोरल चौड़ मैदान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान एक बेहद ही दुखद हादसा हो गया। आज शनिवार को जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) के अभ्यास के दौरान भाला एक पॉलिटेक्निक के छात्र को लग गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गोरल चौड़ मैदान में आज शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चम्पावत की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।मैदान में सभी छात्र अभ्यास के लिए पहुंचे थे और प्रतियोगिताएं कुछ ही देर बाद संचालित होनी थीं। सुबह 8:00 बजे करीब कुछ छात्र फुटबॉल का अभ्यास कर रहे थे और कुछ युवक जैवलिन थ्रो। इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला फुटबॉल की प्रैक्टिस कर रहे सोमेंद्र सिंह बोहरा उम्र 20 वर्ष को जा लगा। बताया जा रहा है कि भाला कंधे के बगल में गर्दन के पास अंदर तक धंस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सोमेंद्र सिंह बोहरा रीठा साहिब के मछियाड़ गांव का रहने वाले था और चम्पावत जूप वार्ड में अपनी बुआ के यहां रहकर पॉलिटेक्निक में पढ़ाई कर रहा था। वह पॉलिटेक्निक में सेकंड ईयर का छात्र था। उनके पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में नौकरी करते हैं। परिवार में सोमेंद्र के अलावा तीन बहनें हैं। इकलौते बेटे की मौत से मां दीपा बोहरा सदमे में हैं। वे बेहोश हो गईं। जिला अस्पताल में उनका उपचार किया गया।

बताया जा रहा है कि पॉलिटेक्निक में स्पोर्ट्स टीचर भी नहीं है और बिना दक्ष शिक्षकों की देखरेख में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हो रही थीं। आज पहले दिन ही प्रतियोगिता होनी थी लेकिन इससे पूर्व यह घटना घट गई। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया है कि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद सोमेंद्र सिंह बोहरा की मौत हो गई थी। उउसके कान के नीचे चोट लगी थी। चोट हल्की थी, लेकिन भाला लगने की वजह से आंतरिक चोट लगी हो सकती है। घटना की जानकारी के बाद डीएम मनीष कुमार, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, पुलिस के अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित तमाम लोग अस्पताल पहुंचे।


