देहरादून में युवक की हत्या के बाद बवाल, हमलावर के घर पर चला बुलडोजर, सीएम धामी ने घटना की निंदा, कहा-आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा
देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागी वाला इलाके में पानी के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शनिवार रात की घटना के बाद रविवार सुबह कुछ लोगों ने हमलावरों के घरों के आसपास आगजनी कर दी। इलाके में पत्थरबाजी होने पर पत्थरबाजी में कुछ लोगों की घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। मामले में अभी तक 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं हमलावर के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई है। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली जिहादी और हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बीते दिन देहरादून में हुई घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, जो लोग कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड मिलेगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा।
13 जून को देहरादून के बैरागी वाला इलाके में खेत में सिंचाई को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ। विवाद में एक पक्ष के दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक विनोद की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी। इसके बाद मामला बढ़ गया। देर रात तक पीड़ित परिवार और ग्रामीण पुलिस थाने में डटे रहे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे।
वहीं रविवार 14 जून सुबह घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने एक हमलावर के घर पर आग लगा दी। जबकि कुछ लोगों के घर के बाहर भी आगजनी की। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
देहरादून पुलिस के मुताबिक, इस घटना के सिलसिले में 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। इलाके में पुलिस के जवान तैनात हैं। पुलिस हालात पर नजर रखे हुये है। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत युवक की हत्या मामले में जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि, सांप्रदायिक हिंसा की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। क्षेत्र में एसडीएम की तैनाती कर हालात पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास जारी है। मृतक के परिजनों से जिला प्रशासन लगातार संपर्क बनाए हुए है। परिजनों को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही। मामले में अब तक 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जबकि मामले में 12 से 13 लोग आरोपी बनाए गए हैं।

