रुद्रपुर में जेसीबी की चपेट में आने से महिला की मौत, हादसा देख बिलखती रही मासूम
शहर के व्यस्त परशुराम चौक पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई
रुद्रपुर। परशुराम चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय महिला की जान चली गई। बाजार से अपनी मासूम बेटी के साथ घर लौट रही महिला को सड़क पार करते समय एक जेसीबी ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, विमला हर्बोला मूल रूप से महद, चौखुटिया (रानीखेत) की निवासी थी और वर्तमान में रुद्रपुर में गगन ज्योति बारात घर के पीछे अपने परिवार के साथ रह रही थी। शनिवार रात करीब 9 बजे वह अपनी बेटी के साथ बाजार से वापस लौट रही थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले अपनी बेटी को सुरक्षित सड़क पार करा दिया था, लेकिन जैसे ही वह स्वयं सड़क पार करने लगी, तभी एक जेसीबी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला जेसीबी के नीचे आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अपनी मां को वाहन के नीचे आते देख मासूम बेटी घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद जेसीबी चालक वाहन को कुछ दूरी तक ले गया और फिर उसे छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस फरार जेसीबी चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि पूर्व में भी इसी जगह कई हादसे हो चुके हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है।

