साधारण परिवार के बेटे अक्षत गोपाल ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा हाईस्कूल में किया टॉप, बिना ट्यूशन के घर में ही की पढ़ाई
“न संसाधनों की प्रचुरता, न महंगे ट्यूशन का सहारा- उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में अक्षत गोपाल ने अपनी मेहनत से सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अक्षत ने बिना किसी बाहरी कोचिंग के, घर पर ही स्वाध्याय (Self-study) के दम पर प्रदेश की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो अभाव भी राह नहीं रोक सकते।”
बता दें नैनीताल जिले के रामनगर एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र अक्षत गोपाल ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा मे 500 में से 491 अंक प्राप्त कर 98.20 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया है। बताते चलें अक्षत शांत सीधे स्वभाव एवं मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं , जिनकी इस उपलब्धि के बाद से पूरे विद्यालय परिसर समेत उनके परिजनों में खुशी का माहौल बरकरार है।

शिक्षा मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने अक्षत को फोन के जरिए शुभकामनाएं दीं। अक्षत ने बताया कि बिना ट्यूशन के घर में ही उन्होंने विषयों का शेड्यूल बनाकर पढ़ाई की, वो रोजाना 2 से 3 घंटा नियमित पढ़ाई करते हैं। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने परीक्षा के दौरान चार से पांच घंटा पढ़ाई कर सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त किये। अक्षत बताते हैं कि उनके अच्छे नंबर आएंगे इसका उन्हें विश्वास था लेकिन उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि वह उत्तराखंड में टॉप करेंगे।
अक्षत ने बताया कि अब वह पीसीएम सब्जेक्ट लेंगे और इंटर के बाद बीटेक करेंगे। अक्षत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं समस्त गुरुजनों को दिया है। अक्षत के पिता गोपाल एक निजी स्कूलों में पढाकर घर का खर्चा चलाते हैं जबकि अक्षत की मां ममता गृहणी है। अक्षत की एक छोटी बहन भी है जो अभी जीपीपी कन्या इंटर कॉलेज में अध्ययनरत है।


