भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत, टैंकर से भिड़ी ऑल्टो
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार देर रात टालैंड-खलीनी मार्ग पर सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास ऑल्टो कार और टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण मेहता और कॉन्स्टेबल हेमंत कुमार के रूप में हुई है। दोनों शिमला पुलिस लाइन कैंथू में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा 16 अगस्त की रात हुआ। दोनों पुलिसकर्मी ऑल्टो कार संख्या HP-52A-2767 से टालैंड की ओर से खलीनी जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास सामने से आ रहे टैंकर HP-92A-9229 से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
दुर्घटना के कारण टालैंड-खलीनी मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सड़क की स्थिति, वाहनों की गति और संभावित लापरवाही समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

