नशा मुक्त भारत के संदेश के साथ बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन, जिलाधिकारी ने खेलकर किया शुभारंभ
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पूल्ड आवास स्थित बैडमिंटन कोर्ट में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद स्वयं बैडमिंटन खेलकर किया।
प्रतियोगिता में 35 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर क्षेत्र से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में जिला गंगा समिति, चम्पावत का भी सहयोग रहा।


खेल से स्वस्थ समाज की ओर कदम
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के साथ ही युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से युवाओं को दूर रखने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नियमित खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करती हैं।


जिला बैडमिंटन एसोसिएशन ने संभाली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के आयोजन में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपाल सिंह मेहता, सचिव सचिन वर्मा, पंकज वर्मा एवं विष्णु गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारियों ने सहयोग किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, डीओ पीआरडी जसवंत सिंह खड़ायत, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस पर स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

