चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में जर्जर पोल और लो-वोल्टेज के खिलाफ फूटा गुस्सा, ‘इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसाइटी’ ने सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर क्षेत्र में चरमराती विद्युत व्यवस्था, जर्जर पोलों और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर ‘इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसाइटी’ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को सोसाइटी के कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपखंड कार्यालय में एकत्रित होकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष तिलक राम के नेतृत्व में एसडीओ मयंक भट्ट को एक 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की है कि नगर क्षेत्र में सालों से लगे खराब और जर्जर हो चुके विद्युत पोलों की तुरंत जांच कराई जाए और उन्हें तत्काल बदला जाए। अध्यक्ष तिलक राम ने कहा कि कई पतली गलियों, मोहल्लों और खदानों के बीच में बिजली के खंभे खड़े हैं। इससे आम जनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन पोलों को निर्धारित स्थानों से हटाकर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जाए। सोसाइटी ने बिजली कटौती और लो-वोल्टेज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नगर के कई वार्डों में वोल्टेज बेहद कम आ रहा है, जिससे इस भीषण गर्मी में लोगों के बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। उन्होंने एसडीओ से जल्द से जल्द वोल्टेज बढ़ाने और विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग की। विद्युत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मयंक भट्ट ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए सभी समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि जर्जर पोलों की जांच कराई जाएगी और जनता को आ रही रुकावटों व लो-वोल्टेज की समस्या का जल्द ही तकनीकी समाधान निकाला जाएगा।इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान पुष्कर राम, गिरीश, बलवंत सिंह, किशन राम, अजय कुमार सहित सोसाइटी के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Ad Ad

Ad Ad