उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS और PCS अधिकारियों के तबादले

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल और अल्मोड़ा को मिले नए जिलाधिकारी, ललित मोहन रयाल को शासन में जिम्मेदारी; दीप्ति सिंह बनीं अल्मोड़ा की डीएम

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। 21 नवंबर 2026 को कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के तहत नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी नैनीताल रहे ललित मोहन रयाल को अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल भेजा गया है, जबकि खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

Ad

प्रशासनिक फेरबदल में निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनीत तोमर को कुमाऊं मंडल विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। पीसीएस अधिकारियों में कृष्ण कुमार को एडीएम देहरादून से एडीएम हरिद्वार और वैभव गुप्ता को एडीएम हरिद्वार से एडीएम देहरादून भेजा गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार से एडीएम हरिद्वार बनाया गया है। उनके पास अपर मेलाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

इसके अलावा सीमा विश्वकर्मा को नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा से डिप्टी कलेक्टर नैनीताल तथा सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा स्थानांतरित किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को वर्तमान तैनाती से कार्यमुक्त होकर नई जिम्मेदारी तत्काल संभालने के निर्देश दिए हैं। नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

Ad