चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

स्वच्छता के क्षेत्र में चम्पावत की एक और अनूठी पहल

ख़बर शेयर करें -

80 प्रतिशत Legacy Waste का वैज्ञानिक निस्तारण, ‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में बढ़ा नगर पालिका का कदम

चम्पावत। स्वच्छ एवं सुंदर चम्पावत की दिशा में नगर पालिका परिषद ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नगर क्षेत्र में वर्षों से जमा Legacy Waste के करीब 80 प्रतिशत हिस्से का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण किया जा चुका है। पुराने कचरे के वैज्ञानिक उपचार और निस्तारण से जहां नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिली है, वहीं पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा और ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप नगर पालिका द्वारा वर्षों से जमा पुराने कचरे के निस्तारण को प्राथमिकता दी गई। पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय के निर्देशन तथा अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी के प्रयासों से नगर पालिका टीम ने Legacy Waste के उपचार एवं निस्तारण का कार्य आगे बढ़ाया। इस दौरान पुराने कचरे का वैज्ञानिक उपचार एवं पृथक्करण कर उपयोगी सामग्री की रिकवरी की गई, जबकि शेष अपशिष्ट का निर्धारित वैज्ञानिक प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया।

Ad Ad

पर्वतीय नगर चम्पावत में सीमित भूमि, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और परिवहन संबंधी चुनौतियों के बीच Legacy Waste के बड़े हिस्से का वैज्ञानिक निस्तारण विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पुराने कचरे के ढेर में कमी आने के साथ दुर्गंध, प्रदूषण और पर्यावरणीय जोखिमों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही भूमि एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

नगर पालिका परिषद अब पुराने कचरे के निस्तारण के साथ-साथ स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक प्रसंस्करण को और मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। पालिका का लक्ष्य जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों और नगरवासियों के सामूहिक सहयोग से चम्पावत को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल नगर के रूप में नई पहचान दिलाना है।