उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

गोलीकांड में 20 वर्षीय युवती की मौत: तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

ख़बर शेयर करें -

पुलिस का दावा- छीनाझपटी के दौरान चली गोली, घटना के बाद खून के निशान मिटाने और शव को दूसरी जगह ले जाने का प्रयास

काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने और घटनास्थल को बदलने का भी प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर ने 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Ad Ad

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आईटीआई कोतवाली पुलिस की कई टीमें गठित कर नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और सुरागरसी-पतारसी की गई।

12 सितंबर को पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए रवाना थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन नामजद आरोपियों साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में साजिद ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह तमंचा करीब छह महीने पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था।

छीनाझपटी के दौरान चली गोली

पुलिस की पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई थी। इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी के हाथ से गोली चल गई, जो मेहविश को जा लगी। गोली लगने से युवती की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने मौके पर फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इसके बाद साजिद ने कथित तौर पर मृतका के शव को अपने घर से हटाकर उसके घर पहुंचाया, जिससे घटनास्थल को बदलने और साक्ष्य प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की विवेचना आगे बढ़ा दी है। बरामद तमंचे, खोखा कारतूस और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार के स्रोत और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

— अजय गणपति, एसएसपी ऊधम सिंह नगर