क्राइमदेहरादूननवीनतम

प्रेमिका ने ही प्रेमी को मरवाने की रची साजिश! ₹5 लाख की सुपारी, 1.20 लाख एडवांस… पुलिस ने खोला पूरा राज

ख़बर शेयर करें -

दूसरी युवती से सगाई से नाराज थी प्रेमिका, बैंककर्मी सत्यम पर फायरिंग के मामले में तीन गिरफ्तार, एक फरार

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र के बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सत्यम की पूर्व प्रेमिका ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड थी। आरोप है कि दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज प्रेमिका ने सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

बाइक से ओवरटेक कर बैंककर्मी पर बरसाईं गोलियां

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वालापुर निवासी बैंककर्मी सत्यम कुमार को निशाना बनाया था। सत्यम अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बदमाशों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।

Ad Ad

पुलिस से मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्सर निवासी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पांच साल पुराने प्रेम संबंध के बाद रची गई साजिश

पूछताछ में पुलिस के सामने कथित तौर पर पूरी प्रेम कहानी और सुपारी की साजिश सामने आई। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी अंकित ने बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के माध्यम से उसकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी मालिया रहमान से हुई थी। आरोप है कि मालिया के कहने पर अंकित ने अपने साथी अंकुर के साथ सत्यम की हत्या की कोशिश की। इसके लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस जांच के अनुसार मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से संपर्क में थे और दोनों के बीच करीब पांच साल तक प्रेम संबंध रहा। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क जारी रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया।

दूसरी युवती से सगाई के बाद सत्यम ने बना ली दूरी

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद सत्यम ने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और सोशल मीडिया पर भी उसे ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज मालिया ने सत्यम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार उसने अंकित को सत्यम की फोटो और उसके देहरादून स्थित बैंक कार्यालय की जानकारी उपलब्ध कराई। इसके बाद 8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने बड़ोवाला में सत्यम पर फायरिंग कर दी।

बची रकम लेने लौटे थे शूटर, पुलिस ने दबोचा

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सुपारी की बची हुई रकम लेने के लिए अंकित और अंकुर दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने उनका पीछा किया और मुठभेड़ के बाद अंकित को गिरफ्तार कर लिया।
अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया। फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी अंकित का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस मामले में फरार आरोपी की तलाश के साथ ही साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।