खेलचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में नशे के खिलाफ बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न, विष्णु-सतेंद्र और अनिरुद्ध-ऋषभ की जोड़ी ने जीती ट्रॉफी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन और ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस पर चम्पावत में एक दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पूल्ड आवास स्थित बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित प्रतियोगिता में चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर क्षेत्र के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर स्वस्थ समाज और नशामुक्ति का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने खुद मैदान में उतरकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं रैकेट थामकर मैदान में उतरकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाकर सकारात्मक दिशा में ले जाने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में खेल गतिविधियों को शामिल करना चाहिए।

Ad Ad

देर रात तक चले रोमांचक मुकाबले

चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर क्षेत्र के खिलाड़ियों के बीच देर रात तक रोमांचक मुकाबले हुए। दोनों आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 45+ आयु वर्ग में विष्णु गिरी गोस्वामी एवं सतेंद्र रावत (सिंह) की जोड़ी ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। अशोक अधिकारी एवं गिरीश पंत की जोड़ी उपविजेता रही। 35+ आयु वर्ग में अनिरुद्ध पुनेठा एवं ऋषभ शाह की जोड़ी विजेता बनी, जबकि देवेश मेहता एवं अतुल ढेक की जोड़ी को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष भोपाल सिंह मेहता, उपाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी और सचिव पंकज वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, डीओ पीआरडी जसवंत सिंह खड़ायत, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट और जिला फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र नैलवाल सहित क्रीड़ा, स्वास्थ्य एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय खेलप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।