पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, तीन बच्चों के पिता ने फंदा लगाकर दी जान
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली में पत्नी के मायके से नहीं लौटने से नाराज एक युवक ने घर के टिन शेड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मूल रूप से बहादुरगंज, पीलीभीत निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पनियाली में मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था और प्लंबर का काम करता था। उसकी पत्नी इन दिनों छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात सर्वेश की फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद उसने घर के टिन शेड में फंदा लगा लिया। परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि चार भाइयों में सर्वेश सबसे छोटा था और परिवार का दुलारा था। करीब 13 वर्ष पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था।
जयप्रकाश के अनुसार, बृहस्पतिवार को सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से कहा था कि यदि वह उसी दिन मायके से नहीं लौटी तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी। परिजनों ने बताया कि इसी वर्ष होलिका दहन की रात भी सर्वेश ने घर में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया था।

