भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष ब्लैकमेलिंग मामला, बाउंसर्स और गनरों पर एक्शन, जब्त हुये हथियार
हल्द्वानी। यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोपी भवाली के व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडेय पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के साथ घूम रहे बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को हिरासत में लेकर सत्यापन किया। जांच में लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग का मामला सामने आया। जिस पर पुलिस ने हथियार जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नैनीताल पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से अवैध संबंध बनाने के आरोपी नरेश पांडेय के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि भवाली क्षेत्र में नरेश पांडेय कुछ तथाकथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर भय और दहशत का माहौल बना रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश पांडेय के साथ मौजूद बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को भवाली कोतवाली बुलाकर पूछताछ, सत्यापन और हथियारों की जांच की। जांच में सामने आया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपनी सुरक्षा के लिए जारी लाइसेंसी शस्त्र का इस्तेमाल नरेश पांडेय को सुरक्षा देने में कर रहा था। पुलिस ने इसे शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया।
साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा दो अन्य बाउंसरों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में यह पाया गया कि हथियारों और बाउंसरों के जरिए क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी। एसएसपी नैनीताल ने साफ कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, पूछताछ के बाद आरोपी नरेश पांडे को छोड़ दिया गया है। युवती की तहरी के आधार पर जांच जारी है।

