ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में बंद रहीं दवा की दुकानें, व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
चम्पावत/टनकपुर। ऑल इंडिया केमिस्ट्स के आह्वान पर ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में जनपद के लगभग सभी दवा कारोबारियों ने आज बुधवार 20 मई को मेडिकल स्टोर बंद रखे। जिस कारण जरूरतमंदों को दवा के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
चम्पावत के दवा विक्रेता हरीश चंद्र खर्कवाल, मनोज पांडेय, सुनील खर्कवाल, ललित जोशी, चेतन वर्मा, डीके राय सहित तमाम दवा विक्रेताओं ने बताया कि दवा विक्रेता ऑनलाइन दवाओं की बिक्री बंद करने, कॉरपोरेट्स द्वारा भारी डिस्काउंट बंद करने और नकली दवाओं से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने सहित कई मांगों को लेकर पिछले काफी समय से मुखरता से आवाज उठा रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों का असर दवा करोबार से लेकर आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इसके चलते दवा कारोबारी देशव्यापी हड़ताल करने को विवश हैं।


टनकपुर। ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री के विरोध में मंगलवार को क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी दुकानें बंद रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दवा व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे व्यापारियों का रोजगार प्रभावित हो रहा है और मरीजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। प्रदर्शन के दौरान दवा व्यापारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा ऑनलाइन दवा कंपनियों पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना था कि बिना उचित जांच और फार्मासिस्ट की निगरानी के दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

मेडिकल स्टोर संचालकों ने कहा कि स्थानीय मैडिकल स्टोर हमेशा मरीजों को सही परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराते हैं, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म केवल व्यापारिक लाभ पर केंद्रित हैं। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने तथा छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा करने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दवा व्यापारी शामिल रहे। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा वहीं, मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण सरकारी अस्पताल की ओपीडी और जन औषधि केंद्र में भीड़ देखने को मिली।

