उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमनैनीताल

टनकपुर दुष्कर्म मामले में बड़ा फैसला, 20 साल की सजा हाईकोर्ट ने की निरस्त; आरोपी बरी

ख़बर शेयर करें -

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से दुष्कर्म के मामले में साक्ष्य पर्याप्त नहीं पाए, वीडियो से पहचान और जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल

नैनीताल/चम्पावत। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चम्पावत जिले के टनकपुर में वर्ष 2021 में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने निचली अदालत की ओर से आरोपी को सुनाई गई 20 साल के कठोर कारावास की सजा निरस्त करते हुए उसे संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ में हुई।

Ad

चम्पावत के सत्र न्यायाधीश ने 4 फरवरी 2025 को आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(l) के तहत दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। आरोपी ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामला अगस्त 2021 का है। टनकपुर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में टिन शेड के नीचे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तत्कालीन उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) के निर्देश पर 26 अगस्त 2021 को टनकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया था।

पीड़िता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर सकी थी। अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयानों और वायरल वीडियो को आधार बनाकर आरोपी के खिलाफ मामला प्रस्तुत किया था। इसके बाद सत्र न्यायालय ने उसे दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी।

अपील पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों और जांच प्रक्रिया का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट आरोपी को अपराध से जोड़ने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। वहीं, घटना के करीब एक साल बाद गवाहों की ओर से अदालत में की गई पहचान को भी विश्वसनीय नहीं माना गया। कोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट नहीं था और जांच के दौरान शिनाख्त परेड भी नहीं कराई गई थी।

हाईकोर्ट ने यह भी पाया कि सत्र न्यायाधीश ने वायरल वीडियो को खुली अदालत में प्रदर्शित करने के बजाय अपने चैंबर में देखकर स्वयं आरोपी की पहचान की और इसे दोषसिद्धि का आधार बनाया। खंडपीठ ने इस प्रक्रिया को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं माना।
इन परिस्थितियों में हाईकोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोप संदेह से परे साबित करने में विफल रहा है। इसी आधार पर निचली अदालत का दोषसिद्धि और सजा का फैसला निरस्त करते हुए आरोपी को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया।

Ad