चम्पावत में 62.33 करोड़ से बन रहा आधुनिक सिटी सेंटर, डीएम ने देर रात किया निरीक्षण
बहुमंजिला पार्किंग, रोडवेज स्टेशन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एक ही परिसर में होंगे विकसित, बेसमेंट में 100 वाहनों और भूतल पर 15 बसों की होगी पार्किंग
चम्पावत। चम्पावत नगर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में निर्माणाधीन सिटी सेंटर परियोजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार देर रात स्थलीय निरीक्षण किया। रोडवेज स्टेशन परिसर में बन रहे सिटी सेंटर के निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन ने 62.33 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना के तहत एक ही परिसर में बहुमंजिला पार्किंग, रोडवेज बस स्टेशन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।


योजना के अनुसार, बेसमेंट में करीब 100 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी, जबकि भूतल पर एक साथ 15 बसें खड़ी हो सकेंगी। इसके अलावा परिसर में रोडवेज कार्यालय, दुकानें और खानपान की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। सिटी सेंटर के निर्माण से नगर में पार्किंग की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से लगने वाले जाम और यातायात के दबाव में भी कमी आने की उम्मीद है। वहीं, यात्रियों को बस स्टेशन और खानपान की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को भी कारोबार के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

