चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में भूकंप, आगजनी और भूस्खलन से निपटने का मॉक अभ्यास, कई स्थानों पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

ख़बर शेयर करें -

जिला अस्पताल में आग की काल्पनिक घटना में पांच लोगों को सुरक्षित निकाला, तीन गंभीर घायलों के लिए एयर एंबुलेंस की जरूरत दर्शाई गई

चम्पावत। प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को चम्पावत जिले में वृहद मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान भूकंप, आगजनी और भूस्खलन जैसी काल्पनिक आपदा परिस्थितियां तैयार कर जिला एवं तहसील स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (IRS) को सक्रिय किया गया। विभिन्न स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कर विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन प्रतिक्रिया की क्षमता परखी गई।

Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभ्यास की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने की। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय सभागार से संचालित अभ्यास के तहत चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्य तैयार किए गए। अभ्यास के दौरान जिला चिकित्सालय चम्पावत में आग लगने, जवाहर नवोदय विद्यालय में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने और राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में भूकंप के कारण शॉर्ट सर्किट होने की काल्पनिक घटनाएं दर्शाई गईं। वहीं, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में भवन क्षतिग्रस्त होने, राजीव गांधी विद्यालय में आग लगने और राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट में भूस्खलन की स्थिति तैयार की गई। टनकपुर के उप जिला चिकित्सालय में भी आगजनी की काल्पनिक घटना के आधार पर बचाव अभियान चलाया गया।

जिला चिकित्सालय चम्पावत में आग लगने के परिदृश्य के तहत पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर दर्शाते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने को एयर एंबुलेंस की आवश्यकता का आकलन किया गया। इस दौरान घायलों के रेस्क्यू, प्राथमिक चिकित्सा और त्वरित उपचार की व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

मॉक अभ्यास के दौरान आपदा की सूचना मिलने से लेकर बचाव दलों की तैनाती, घटनास्थल तक संसाधन पहुंचाने, घायलों को सुरक्षित निकालने, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन संचार व्यवस्था तक की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। अभ्यास में प्रदर्शित घटनाओं में जनहानि शून्य रही। संबंधित थानों और तहसीलों से नुकसान के आकलन एवं की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जुटाई जा रही है। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक डीएस कप्रवाण, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, एसएसबी कमांडेंट, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, एसडीआरएफ के जवानों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad