क्राइमनवीनतमनैनीतालहरिद्वार

चलती ट्रेन में बीएसएफ हेड कांस्टेबल को दिया गया जहर!, काठगोदाम पहुंचने पर मौत; हत्या का मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के काठगोदाम रेलवे स्टेशन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के जैसलमेर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल की चलती ट्रेन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका है कि सफर के दौरान जहरखुरानी गिरोह ने उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और उनका सामान लूट लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी काठगोदाम ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हरिद्वार जिले के रुड़की सिविल लाइंस स्थित राज विहार कॉलोनी, मिलाप नगर निवासी 53 वर्षीय सत्यपाल सिंह राजस्थान के जैसलमेर में बीएसएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह छुट्टी लेकर 27 जून को रानीखेत एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहे थे।

Ad Ad

दिल्ली में नहीं उतर पाए, ट्रेन पहुंच गई काठगोदाम

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार सत्यपाल सिंह को दिल्ली में उतरकर हरिद्वार-रुड़की जाने वाली दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन किसी कारणवश वह दिल्ली में नहीं उतर सके और ट्रेन से सीधे काठगोदाम तक पहुंच गए। जोधपुर से काठगोदाम तक लगभग 960 किलोमीटर की यात्रा के दौरान किसी सहयात्री या रेल कर्मचारी का उन पर ध्यान नहीं जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।

जनरल कोच में बेसुध मिले, अस्पताल में तोड़ा दम

29 जून की सुबह जब रानीखेत एक्सप्रेस अपने अंतिम स्टेशन काठगोदाम पहुंची तो जनरल कोच की जांच के दौरान सत्यपाल सिंह बेसुध अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उन्हें तत्काल हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पहले अज्ञात समझा गया शव, दस्तावेजों से हुई पहचान

शुरुआत में पुलिस ने शव को अज्ञात मानकर कार्रवाई शुरू की, लेकिन तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों से उनकी पहचान बीएसएफ हेड कांस्टेबल सत्यपाल सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जैसलमेर स्थित बीएसएफ मुख्यालय और परिजनों को घटना की सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जहरखुरानी गिरोह पर शक, सामान भी गायब

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सत्यपाल सिंह ने जोधपुर पहुंचने पर अपने बेटे से फोन पर बातचीत कर घर लौटने की जानकारी दी थी। आशंका है कि यात्रा के दौरान किसी जहरखुरानी गिरोह ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल, पर्स और अन्य सामान चोरी कर लिया गया।

हत्या का केस दर्ज, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को जीआरपी थाना काठगोदाम ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रेन के सफर, सीसीटीवी फुटेज, सहयात्रियों और रेलवे स्टेशनों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना जहरखुरानी गिरोह की करतूत थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।