चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमहादसा

चम्पावत: एनएच में पैराफिट से टकराकर हवा में लटकी कार, बाल-बाल बची तीन लोगों की जान

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौन के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिटों से टकरा गई और एक पैराफेट के ऊपर जा चढ़ी। गनीमत यह रही कि कार खाई में गिरने के बजाय पैराफेट में ही फंस गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

हादसा 15 अप्रैल को दोपहर करीब 1:00 बजे हुआ। पिथौरागढ़ निवासी गिरधर सिंह अपनी पत्नी और चाची के साथ कार (संख्या UK05 E 2460) से वापस लौट रहे थे। धौन के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पहले एक पैराफेट से टकराकर उसे जमीनदोज करते हुए दूसरे से रगड़ी और फिर तीसरे पैराफेट के ऊपर जा चढ़ी। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां बाईं ओर करीब 150 फीट गहरी खाई थी। कार के बाईं तरफ के दोनों टायर पैराफेट के ऊपर टिक गए थे। अगर कार थोड़ी और आगे बढ़ती तो वह सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
हादसे के कारणों का पता चलने पर यह बात सामने आई कि कार चलाने के दौरान उसमें सवार एक महिला को अचानक उल्टी हुई। संभवतः उसी दौरान चालक का ध्यान भटका या संतुलन बिगड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, सड़क वहां पर पर्याप्त चौड़ी और ठीक स्थिति में थी। बाद में सूचना मिलने पर क्रेन की मदद से कार को सुरक्षित रूप से पैराफेट के ऊपर से हटाया गया।

Ad Ad
Ad Ad