क्राइमनवीनतमनैनीताल

शिक्षक पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

आरोप है कि आरोपी ने धमकियां देना शुरू कर दिया और ₹27,000 की मांग करते हुए ब्लैकमेल करने लगा

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। एक महिला ने राजकीय जूनियर हाईस्कूल कोटाबाग में तैनात शिक्षक पर फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर ब्लैकमेल करने, निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तथा रुपये की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ad Ad

पीड़िता के अनुसार, 25 जून की शाम जब वह अपना फेसबुक अकाउंट चला रही थी, तभी उसे अपने नाम और तस्वीरों से मिलता-जुलता एक फर्जी फेसबुक अकाउंट दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि उस अकाउंट पर लगभग 4,247 फ्रेंड्स जुड़े हुए थे और उसमें महिला की 77 निजी तस्वीरें तथा 3 निजी वीडियो पोस्ट किए गए थे। खोजबीन में सामने आया कि यह फर्जी अकाउंट कथित तौर पर शिक्षक द्वारा संचालित किया जा रहा था। इतना ही नहीं, एक पुरानी पोस्ट में आरोपी खुद पीड़िता के साथ बैठा हुआ भी दिखाई दे रहा था।

महिला का आरोप है कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उसके परिचितों से भी पैसों की मांग की जा रही थी। एक परिचित से ₹2,000 की ठगी होने की बात भी सामने आई है। पीड़िता ने 2 जुलाई को अपने व्हाट्सएप नंबर से आरोपी को संदेश भेजकर फर्जी अकाउंट बंद करने को कहा, लेकिन आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने धमकियां देना शुरू कर दिया और ₹27,000 की मांग करते हुए ब्लैकमेल करने लगा।

पीड़िता ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी के राजनीतिक प्रभाव और झगड़ालू प्रवृत्ति के कारण उसे और उसके परिवार को गंभीर खतरा महसूस हो रहा है। मुखानी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन स्थानांतरित कर दिया गया है। अब साइबर पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।