चम्पावत : नाबालिग के गर्भवती होने का मामला आया सामने, मचा हड़कंप, साथ काम करने वाले युवक पर आरोप, गिरफ्तार
चम्पावत। निकटवर्ती ग्राम की नाबालिग लड़की के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। किशोरी को गर्भवती होने का पता तब चला जब उसने पीरियड न होने पर जांच कराई। किशोरी को गर्भवती करने का आरोप साथ काम करने वाले युवक पर लगा है। आरोपी पीलीभीत का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार किशोरी और आरोपी युवक नगर के एक प्रतिष्ठान में कार्य करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा और मामला आगे बढ़ गया। कुछ समय तक मासिक धर्म नहीं होने पर किशोरी को संदेह हुआ। जांच कराने पर गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी युवक किशोरी को नगर के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग सक्रिय हो गए।
कोतवाली चम्पावत के प्रभारी निरीक्षक बीएस बिष्ट ने बताया है कि मामले में आरोपी युवक के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य द्वारा की जा रही है। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन के अनुसार किशोरी की आयु 18 वर्ष से कम है, जिसके चलते मामला पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। किशोरी की काउंसलिंग कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया है कि घटना 4 जून की है। मामले में तत्काल धारा 64 बीएनएस 5j (ii)6 पोस्को अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त सुमित मिश्रा मूल निवासी पीलीभीत व हाल निवासी चम्पावत को गिरफ्तार किया गया है।
.

