चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

वर्षों से लंबित मामला सुलझा: दिव्यांग पूर्व सैनिक आश्रित को मिली आर्थिक सहायता, आजीवन पेंशन का भी रास्ता साफ

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण संबंधी निर्देशों के अनुरूप तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के विशेष प्रयासों से विकासखंड बाराकोट के ग्राम चौमेल निवासी पूर्व सैनिक सूबेदार मान सिंह के 40 वर्षीय 100 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र महेश सिंह को केंद्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली से वार्षिक आर्थिक अनुदान मिलना शुरू हो गया है।

जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के अनुसार महेश सिंह के व्यक्तिगत अभिलेखों और सेना के सेवा अभिलेखों में जन्मतिथि की विसंगति के कारण उनका मामला वर्षों से लंबित था। लगभग एक वर्ष तक लगातार किए गए प्रयासों और जिलाधिकारी के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से सेना के अभिलेखों में आवश्यक संशोधन कराया गया। इसके बाद अब उन्हें नियमित वार्षिक आर्थिक सहायता मिलने लगी है। साथ ही भविष्य में उन्हें आजीवन आश्रित पारिवारिक पेंशन का लाभ भी मिलेगा।

Ad Ad

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला सैनिक कल्याण विभाग पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लंबित एवं जटिल मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में ऐसा कोई जटिल प्रकरण लंबित नहीं है।

हाल के प्रमुख मामलों का हुआ निस्तारण

जिला सैनिक कल्याण विभाग ने हाल के समय में कई वर्षों से लंबित मामलों का समाधान कराया है, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • वर्ष 2011 से लंबित पूर्व सैनिक नायक फकीर राम (विशंग) की डीएससी पेंशन दोबारा शुरू कराकर लगभग 20 लाख रुपये का एरियर दिलाया गया।
  • कुमारी सुशीला मेहता, अविवाहित पुत्री स्वर्गीय ओ. लेफ्टिनेंट मोती सिंह (रेगडू, बाराकोट) को लगभग 8 लाख रुपये के एरियर सहित आश्रित पारिवारिक पेंशन स्वीकृत कराई गई।
  • श्रीमती पार्वती देवी, पत्नी स्वर्गीय हवलदार शिव दयाल (झांसी) को पारिवारिक पेंशन एवं देय एरियर का भुगतान सुनिश्चित कराया गया।
  • श्रीमती रेवती देवी, पत्नी स्वर्गीय सिपाही मोहन सिंह (खेतीखान) को लगभग 18 लाख रुपये के एरियर सहित पारिवारिक पेंशन दिलाई गई।
  • श्रीमती महेश्वरी देवी, पत्नी स्वर्गीय दीवान राम (बड़पास) को लगभग 7 लाख रुपये के एरियर सहित पारिवारिक पेंशन स्वीकृत कराई गई।

वीर नारियों को मिली आवासीय सहायता

पिछले छह माह के दौरान उत्तराखंड सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास संस्था के माध्यम से जनपद की चार वीर नारियों—निर्मला देवी, माधवी देवी, सरू देवी और महेश्वरी देवी—को आवासीय सहायता योजना के तहत 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

पूर्व सैनिकों के लिए नई सीएसडी कैंटीन

जिला प्रशासन, जिला सैनिक कल्याण विभाग तथा स्थानीय सैन्य इकाई 119 (इंडिपेंडेंट) इन्फैंट्री ब्रिगेड ग्रुप, ओएमसी, चम्पावत के संयुक्त प्रयासों से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की सुविधा के लिए एक नई, विस्तृत और अधिक सुविधायुक्त सीएसडी कैंटीन का संचालन भी शुरू किया गया है।

जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने कहा कि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए विभाग भविष्य में भी पूरी संवेदनशीलता, समर्पण और तत्परता के साथ कार्य करता रहेगा।