देहरादून में NDA की तैयारी कर रहीं चार छात्राओं पर मुकदमा दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट इंस्टीट्यूट के गर्ल्स हॉस्टल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई छात्रा के मामले में पुलिस ने घटना के 14 दिन बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छात्रा के पिता (नौसेना के पूर्व सैनिक) की शिकायत पर एनडीए की तैयारी कर रहीं चार छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा के परिजनों ने 5 जून को थाना राजपुर में शिकायत दी कि उनकी बेटी के साथ हुई दुर्घटना में हॉस्टल की चार छात्राओं का हाथ हो सकता है। दुर्घटना की पूरी सच्चाई चारों छात्राएं जानती हैं। राजपुर थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, आगरा निवासी राहुल भगोरे की बेटी दलीशा भगोरे प्राइवेट देहरादून के प्राइवेट इंस्टीट्यूट में एनडीए की तैयारी कर रही थीं और राजेश्वर नगर स्थित हॉस्टल में रहती थीं।
4 जून की देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी हॉस्टल की तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई हैं, जो गंभीर रूप से घायल हैं और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पिता का कहना है कि, दलीशा आज भी खतरे में है और घटना के 14 दिन बाद भी होश नहीं आया है। शिकायत में राहुल भगोरे ने कहा कि, घटना के बाद दलीशा की सहेलियों द्वारा दी जा रही जानकारी और बयान उन्हें संदिग्ध लग रहे हैं। राहुल ने पुलिस से हॉस्टल की सीसीटीवी फुटेज खंगालने और घटना की जांच कराने के साथ छात्राओं के बयान कैमरे पर अलग-अलग दर्ज करने की मांग की है. उनका आरोप है कि, हो सकता है कि उनकी बेटी को धक्का देकर नीचे गिराया गया हो।
थाना राजपुर पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता राहुल की शिकायत के आधार पर हॉस्टल में रहने वालीं चार छात्राओं पर बीएनएस की धारा 109(1) हत्या के प्रयास और 238 सबूतों से छेड़छाड़ की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया है कि सभी छात्राएं देहरादून में रहकर एनडीए की तैयारी कर रही हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और छात्राओं के बयानों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है।

