देहरादून में नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने की ज़िंदगी खत्म, परिजनों को लगा सदमा
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां पर नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दी है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार देहरादून के पटेलनगर सेवला कलां चंद्रबनी की निवासी 23 वर्षीय रिया कुमारी थापा पुत्री राजेश मल्ल थापा ने बीते मंगलवार को अपने घर पर फांसी का फंदा लगाकर जान दी है। रिया नीट की छात्रा थी जो बीते दिन मकान के द्वितीय तल पर स्थित कमरे में लटकी मिली। बताया जा रहा है रिया खिड़की के ऊपरी हिस्से में दुपट्टे का फँदा लगाकर लटकी थी। परिजनों के अनुसार रिया ने इस बार नीट की परीक्षा दी थी जिसमें उसे अच्छे परिणाम की उम्मीद थी लेकिन परीक्षा रद्द होने से वो निराश हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर घटना स्थल पहुंची जिन्हें मृतका के कमरे से सुसाइड नोट मिला।
सुसाइड नोट में लिखा था कि ‘बोझ बनने के लिए मुझे माफ कर दीजिए, इसमें किसी की गलती नहीं है सिवाय मेरी अपनी नाकाबिलियत के। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं, मुझे माफ कर दो। परिजनों ने बताया कि रिया रोज की तरह सोमवार की रात ऊपर वाले कमरे में पढाई करने गई थी और वहीं सोई थी सुबह जब रिया का भाई उसे बुलाने गया तो वह कमरे में फंदे से झूल रही थी।

