चम्पावत: अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत

चम्पावत। मंगलवार की शाम को मंच तामली रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक जिस कार को चला रहा था, वह करीब 200 फिट गहरी खाई में जा गिरी। घायल युवक को पुलिस व ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर मंच अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।


जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगलवार शाम लगभग 5:00 बजे मंच-तामली सड़क पर ‘भमार’ नामक स्थान के पास हुई। बताया जा रहा है कि वाहन भमार से मंच की ओर जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया।
तामली थानाध्यक्ष कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल चालक को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मंच पहुंचाया गया। घायल चालक की पहचान बसंत सिंह उम्र 33 वर्ष पुत्र पूरन सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय चम्पावत के लिए रेफर कर दिया था। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बसंत सिंह की मृत्यु हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

