चम्पावत : युवाओं को बांटी क्रिकेट किट, खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का दिया संदेश
सीएसआर के तहत अरुण कंस्ट्रक्शन की पहल, डीएम ने खेल सुविधाओं के विस्तार और निजी संस्थाओं की भागीदारी को बताया महत्वपूर्ण
चम्पावत। युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अरुण कंस्ट्रक्शन ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत क्रिकेट किट वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने क्रिकेट किट वितरण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 256 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के प्रथम बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों में करीब 1.71 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 30 खेल मैदानों एवं खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। बनबसा में प्रस्तावित खेल मैदान के लिए स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं और आमजन को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ओपन जिम जैसी सुविधाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

डीएम ने कहा कि खेल अवस्थापना के विकास के साथ निजी संस्थाओं और समाज की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से खेल सामग्री उपलब्ध कराने जैसी पहल से युवाओं को नियमित रूप से खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलेगी।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत ने कहा कि क्रिकेट किट मिलने से स्थानीय युवाओं की खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी। खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने अरुण कंस्ट्रक्शन की पहल की सराहना करते हुए अन्य निजी संस्थाओं से भी खेल और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आगे आने की अपेक्षा की।

