चम्पावत दुष्कर्म प्रकरण: कांग्रेस पर भड़की भाजपा, फूंका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व कांग्रेस का पुतला

चम्पावत। नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में साजिश का खुलासा होने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद महरा का नाम सामने आने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमलावर रुख अपना लिया है। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोटर स्टेशन चम्पावत में एकत्र होकर कांग्रेस की कथित साजिश के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस का पुतला दहन किया।

चम्पावत से लेकर देहरादून तक इस मामले ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए ‘बहन-बेटियों’ का सहारा लेकर घटिया राजनीति कर रही है। भाजपा का कहना है कि यह पूरी घटना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सरकार की छवि खराब करने के लिए रची गई एक गहरी साजिश है।
साजिश के पीछे कांग्रेस का हाथ: भाजपा
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता कमल रावत और उसकी महिला मित्र अर्जिता राय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अब कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद महरा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हो चुका है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जैसे बड़े नेता भी मुख्यमंत्री धामी की लोकप्रियता से घबराकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने चम्पावत पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय रहते साजिश का पर्दाफाश कर तीन निर्दोष परिवारों को बर्बाद होने से बचा लिया। भाजपा ने कहा कि जनता 2027 के चुनाव में कांग्रेस की इस ‘ओछी हरकत’ का जवाब देगी। पुतला दहन और प्रदर्शन करने वालों में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय व मुकेश महराना, सभासद प्रेमा चिलकोटी, मणिप्रभा तिवारी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, अन्नू अधिकारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास साह, बलवंत गिरी, भुवन भट्ट आदि शामिल रहे।
टनकपुर। टनकपुर में भी भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन करे हुए पुतला दहन किया। तुलसीराम चौराहे पर हुए प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, हरीश हैसियत, बबीता गोस्वामी, पार्वती देवी, हरीश कलौनी, भुवन चंद्र कापड़ी, कोमल गिरी, सौरभ गुप्ता, अनीता यादव, कुमुद जोशी, जगत सिंह सामंत, शैलेंद्र सिंह, विनोद गड़कोटी, मधु सक्सेना, राहुल भट्ट, बबीता बोरा, संगीता देवी, मंजू बोरा, सुमन कश्यप, शशांक गोयल आदि शामिल रहे।

