चम्पावत : 3.955 किलो चरस के साथ हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
कनवाड़ बैंड तिराहे के पास पुलिस ने फ्रॉन्क्स कार से बरामद की चरस, 15 हजार नकद व दो मोबाइल भी मिले
पाटी/चम्पावत। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.955 किलोग्राम अवैध चरस के साथ हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त फ्रॉन्क्स कार, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। दोनों के खिलाफ थाना पाटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 सितंबर को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। कनवाड़ बैंड तिराहे से ढोली गांव जाने वाली मुख्य सड़क के पास पुलिस ने FRONX कार संख्या DL2CBG-4970 को रोककर उसमें बैठे दो संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 3.955 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से रवि पुत्र सुमेर सिंह (23), निवासी ग्राम निन्दाना, तहसील मेहम, जिला रोहतक, हरियाणा और सोनू पुत्र सत्यनारायण (31), निवासी ग्राम निन्दाना, तहसील मेहम, जिला रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर चरस को अधिक दामों में बेचकर मुनाफा कमाने के लिए ले जाने की बात बताई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पाटी में मु0अ0सं0 13/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी में 3.955 किलोग्राम चरस, एक फ्रॉन्क्स कार, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अब नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र भट्ट, कांस्टेबल बसंत पांडे, कांस्टेबल गिरीश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल जीवन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने नशा तस्करी से संबंधित सूचना 1933 पर देने की अपील की है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

