रेड अलर्ट के चलते चम्पावत में 26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में रहेगा अवकाश, ऑनलाइन होगी पढ़ाई
चम्पावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 26 सितंबर को चम्पावत जिले में भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की संभावना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की चेतावनी और अतिवृष्टि के दौरान नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
अपर जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कृष्ण नाथ गोस्वामी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शनिवार को बंद रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शैक्षणिक निरंतरता बनाए रखने के लिए पठन-पाठन का कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत और जिला कार्यक्रम अधिकारी चम्पावत को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

