रुद्रपुर के भड़काऊ भाषण पर सीएम धामी सख्त, बोले- ‘उन्मादी भाषण देने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई’
खटीमा/रुद्रपुर। त्रिशूल चौक पर जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ भाषण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। चम्पावत रवाना होने से पहले खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और उन्मादी भाषण देने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिशूल चौक पर दिया गया कथित उन्मादी भाषण सिर्फ एक व्यक्ति का भाषण नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक विचारधारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विचारधारा संविधान को नहीं मानती और अतिक्रमण करती है। सीएम ने कहा कि अब सरकार बदल चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिसने भी कथित उन्मादी भाषण दिया है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन संबंधित लोगों की तलाश कर रहा है।
‘अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा’
सीएम धामी ने प्रदेश में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को भी जारी रखने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि अब तक प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर अपनी नीति के तहत कार्रवाई जारी रखेगी।
रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को दी शुभकामनाएं
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मातृशक्ति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का पर्व मातृशक्ति को समर्पित है और उत्तराखंड की महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सीएम धामी ने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ व्यापार में भी अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं। उन्होंने सरकार की योजनाओं और महिलाओं के लिए आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भी 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार प्रदेश की बहनों की समृद्धि और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रही है।

