चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

लोहाघाट में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा, भाजपा पर जमकर बरसे गणेश गोदियाल; 100 से अधिक लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने सोमवार को चम्पावत जिले के लोहाघाट में परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत जनसभा का आयोजन किया। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस नगर अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह कुटियाल ने की। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है तथा युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।

Ad Ad

गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और राजनीति को एक साथ जोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना के साथ सभी वर्गों के कल्याण की बात करती है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए। जनसभा के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो अग्निवीर योजना को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में सेवानिवृत्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों को बिना परीक्षा उत्तराखंड पुलिस में समायोजित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और शिक्षक भर्ती में टीईटी की बाध्यता समाप्त करने का भी वादा किया।

उन्होंने लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर वे कैबिनेट मंत्री बनने की क्षमता रखते हैं। कार्यक्रम में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, धारचूला विधायक हरीश धामी और पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कांग्रेस की नीतियों को जनता के हित में बताया। इस दौरान भगीरथ भट्ट, निर्मला गहतोड़ी, पूरन कठायत, श्याम सिंह बोरा, महेश भट्ट, प्रह्लाद सिंह, उमेश खर्कवाल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उत्तम फर्त्याल के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। जनसभा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।