स्वाला डेंजर जोन में सड़क चौड़ीकरण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को जनपद के संवेदनशील स्वाला डेंजर जोन में संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, गति और तकनीकी मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए कहा कि सड़क परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि सड़क लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहे तथा स्थानीय लोगों और यात्रियों को इसका स्थायी लाभ मिल सके। मानसून को देखते हुए उन्होंने स्वाला क्षेत्र में मार्ग अवरुद्ध होने की संभावनाओं को रोकने के लिए विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा कार्य, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और भूस्खलन रोकथाम से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए, जिससे बरसात के दौरान यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा प्रबंधों तथा पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित भूस्खलन जैसी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के इंजीनियर तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

