टनकपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का निकला भव्य जुलूस
टनकपुर/चम्पावत। परिवर्तन संकल्प सम्मेलन कार्यक्रम के तहत रविवार को टनकपुर पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान नगर में उनका भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। बाद में उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक बैठक लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की।

टनकपुर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का फूल-मालाओं और नारों के बीच भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद नगर में जुलूस निकाला गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। जुलूस के दौरान कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की गई। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में गणेश गोदियाल ने नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनहित के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश, समर्पण और परिवर्तन का संकल्प संगठन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में अहम भूमिका निभाएगा। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने की।


