चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आगाज, जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में चम्पावत जिले में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 की शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ राज्यमंत्री (दर्जा) श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय ने नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस दौरान अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जनपद को विभिन्न जोनों में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

Ad Ad

सीएमओ ने अभिभावकों से बूथ दिवस के साथ-साथ घर-घर चलाए जाने वाले अभियान के दौरान भी अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से वंचित न रह जाए और पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सके। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाराकोट में ब्लॉक प्रमुख ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया, जबकि पाटी में नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल ने नन्हे बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई। वहीं लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पाण्डेय, ब्लॉक प्रोग्राम प्रबंधक विनोद बोहरा, राकेश पंत, अमर चंद, जिला अकाउंट मैनेजर संजय पाण्डेय, दिनेश थ्वाल, दीपक पनैरू, मदन राणा, मोहित मुरारी, प्रवीण भट्ट, ममता मिश्रा, प्रदीप कार्की, हरीश पाण्डेय, नीतू पाण्डेय, अमित बिष्ट, जिला आईईसी-बीसीसी फैसिलिटेटर, दीपक बोहरा, एचबी नारायणी बिष्ट, एएनएम नीतू जोशी, आशा कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।