खटीमा : पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक युवक का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बहरहाल पुलिस प्रशासन की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार खटीमा के वनगवां निवासी 23 वर्षीया हीरा सिंह मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकता दिखा। जैसे ही ग्रामीणों को युवक का शव पेड़ से लटका मिला तो उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन व युवक के परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर घटनास्थल पहुंची जिन्होंने युवक के शव को नीचे उतारा।

मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि बीते सोमवार की रात हीरा खाना खाने के बाद किसी से मिलने के लिए घर से निकला था। देर रात लगभग 11:00 हीरा ने अपने पिता को कॉल कर मां से बात करने की इच्छा जताई थी, लेकिन पिता ने कॉल काट दिया और फोन फ्लाइट मोड पर डालकर सो गए थे। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जहां पर बेटे के शव को पड़ा देख मृतक के पिता जोगिंदर सिंह ने बेटे की हत्या की आशंका जताई। बताते चले हीरा सिंह अपने पीछे अपनी मां छमिंदर कौर और दो बहनों ज्योति और सुमन को छोड़ गए हैं। पुलिस प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

