क्राइमनवीनतमनैनीताल

वीडियो बनाने के दौरान युवक की हुई पुलिस से कहासुनी, चालान हुआ और उसके बाद युवक ने उठा लिया आत्मघाती कदम…

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। जिले के बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव में सोमवार देर रात एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना को लेकर जहां परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मृतक की पहचान लोहाली निवासी बालम सिंह पुत्र कुंदन सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम बालम सिंह को खैरना चौकी पुलिस द्वारा एक वीडियो बनाने के दौरान पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गरमपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा, जहां जांच में उसके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि चौकी में बालम सिंह को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह गहरे सदमे में आ गया था। बताया जा रहा है कि देर रात उसने अपनी बहन मुन्नी देवी और जीजा से फोन पर बातचीत के दौरान पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और खुद को परेशान बताया। इसी के कुछ समय बाद उसने घर पर आत्मघाती कदम उठा लिया।

Ad Ad

हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल गरमपानी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जा सके और मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया वीडियोग्राफी के साथ और विशेषज्ञों के पैनल की निगरानी में कराई गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है।

वहीं, इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने बताया कि युवक का मेडिकल कराए जाने के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए उसे परिजनों को सौंप दिया गया था और उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है। यदि परिजनों को किसी तरह की शिकायत है तो वे लिखित तहरीर दे सकते हैं, जिस पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad