जिम में वर्कआउट करते समय SOG जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम, पुलिस विभाग में शोक की लहर
बनबसा/चम्पावत। बनबसा में शुक्रवार को जिम में व्यायाम कर रहे उत्तराखंड पुलिस के SOG जवान गिरीश भट्ट की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी तथा वर्तमान में बनबसा के ग्राम भजनपुर में रह रहे SOG जवान गिरीश भट्ट (38 वर्ष) पुत्र जयदेव भट्ट शुक्रवार दोपहर व्यायाम के लिए जिम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यायाम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
गिरीश भट्ट उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जवान की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी जवान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि बनबसा में जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। वहीं एसओजी जवान के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ जीएस खाती, सीओ निहारिका सेमवाल, कोतवाल चैतन रावत, थानाध्यक्ष सुरेंद्र कोरंगा, लक्ष्मण सिंह जगवाण, राधिका भंडारी, पूरन सिंह तोमर, जितेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की हैं।

