चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में पूर्व सैनिक कैंटीन का शुभारंभ, 93 वर्षीय युद्ध वीर जय दत्त ने किया उद्घाटन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के कल्याण के लिए चम्पावत में पूर्व सैनिक (ईएसएम) कैंटीन का उद्घाटन किया गया। पंचशूल टस्कर्स की पहल पर स्थापित इस कैंटीन का उद्घाटन जनपद के वरिष्ठतम युद्ध वीर सैनिक, 93 वर्षीय सेवानिवृत्त सिपाही जय दत्त ने किया। जय दत्त देश की सेवा में तीन युद्धों में भाग ले चुके हैं। उनके कर-कमलों से हुए उद्घाटन समारोह ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन केवल आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता का केंद्र नहीं, बल्कि पूर्व सैनिक समुदाय के प्रति सेना की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बीसी पंत तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कर्नल उमेद सिंह ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कैंटीन की स्थापना से जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी और उन्हें आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

Ad Ad

समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने पूर्व सैनिकों के हितों के संरक्षण तथा उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया, एसडीएम बीसी पंत, कर्नल उमेद सिंह सहित लगभग 60 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां मौजूद रहीं। नई कैंटीन के संचालन से जिले के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।