उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

10 हजार युवाओं को रोजगार का मौका, उत्तराखंड में लगेंगे चार बड़े रोजगार मेले

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में बड़ी पहल होने जा रही है। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से अगले चार महीनों के भीतर प्रदेश में चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियां करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि दो रोजगार मेले गढ़वाल और दो कुमाऊं मंडल में आयोजित होंगे। गढ़वाल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा को इसके लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। अब तक स्थायी, संविदा और आउटसोर्स के माध्यम से करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है।

Ad Ad

पॉलीटेक्निक और आईटीआई छात्रों को मिलेगा अवसर

रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पास आउट तथा अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिलेगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवा भी निजी कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी सहयोग करेंगे।

तकनीकी शिक्षा विभाग में बनेगा मीडिया सेल

बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभागीय मुख्यालय में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करेगा। इसके माध्यम से सरकार की योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल किया जाएगा।