उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

देहरादून : इंस्टाग्राम रील बनी सबूत, हीरे का हार पहनकर वीडियो बनाने वाली घरेलू सहायिका गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

रील पीड़िता के परिचितों तक पहुंची तो मामला खुल गया और पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया

देहरादून। इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील बनाना एक घरेलू सहायिका को भारी पड़ गया। जिस हार को पहनकर उसने वीडियो बनाया था, वह कथित तौर पर उसी घर से चोरी किया गया था, जहां वह काम करती थी। रील पीड़िता के परिचितों तक पहुंची तो मामला खुल गया और पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ। कुछ दिन पहले उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की रील और तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने नजर आ रही थी। शिकायतकर्ता ने हार को पहचान लिया और पाया कि वह उनकी पूर्व घरेलू सहायिका थी। इसके बाद उन्हें चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के लिए थाना राजपुर पुलिस ने टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी महिला को जोहड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित रूप से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए, जिनमें एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडेंट शामिल है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शिकायतकर्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी। इसी दौरान उसने लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे और अवसर मिलने पर उन्हें चोरी कर लिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि घर की मालकिन का विश्वास जीतकर उन्हें यह भरोसा दिलाया था कि गहने शायद कहीं और रखे गए होंगे। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए आभूषणों को बेचने का प्रयास कर रही थी, लेकिन महंगे हीरे और सोने के गहने होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी। अंततः इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील और तस्वीरें ही उसके खिलाफ महत्वपूर्ण सुराग साबित हुईं। प्रमोद कुमार ने बताया कि हीरे और सोने के आभूषण चोरी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।