क्राइमटिहरीनवीनतम

उत्तराखंड ग्रामीण बैंक का पूर्व कैशियर गिरफ्तार, 54 लाख रुपये गबन का आरोप

ख़बर शेयर करें -

आरोपी ने अपने बैंक खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित की थी रकम

टिहरी। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में करीब 54 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में पुलिस ने शाखा के तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गबन की पूरी रकम, धन के प्रवाह (फंड फ्लो) और मामले में अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, 30 जून को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने थाना छाम में ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए लगभग 54 लाख रुपये के गबन की शिकायत दी थी। बैंक की आंतरिक ऑडिट और जांच समिति की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया सामने आया कि तत्कालीन कैशियर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी निकासी वाउचर तैयार कर अवैध रूप से धनराशि निकाली।

शिकायत के आधार पर थाना छाम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने बैंक अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों, वित्तीय लेन-देन तथा दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की।

जांच में यह भी सामने आया कि कथित गबन की गई राशि का एक हिस्सा आरोपी ने अपने बैंक खाते और अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने देहरादून में दबिश देकर 2 जुलाई को शक्ति कॉलोनी, बड़ोवाला निवासी अभिलाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि जांच में आरोपी द्वारा अलग-अलग खाताधारकों के फर्जी हस्ताक्षर कर नकली निकासी वाउचर तैयार करने और लगभग 54 लाख रुपये अपने तथा रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर करने के साक्ष्य मिले हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।