उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

देहरादून : कल कांग्रेस छोड़ी आज भाजपा में शामिल हुए मनीष खंडूरी

ख़बर शेयर करें -

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी ने कल कांग्रेस को टाटा बाय बाय करने के बाद आज भाजपा का दामन थाम लिया है। इस तरह अब पूरा खंडूरी परिवार फिर से भाजपाई हो गया है। देहरादून महानगर कार्यालय में मनीष खंडूरी ने ली भाजपा की सदस्यता। मनीष खंडूरी पौड़ी लोकसभा सीट से 2019 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार भी उनके पौड़ी से चुनाव लड़ने की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन उन्होंने अचानक कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे।

बीजेपी की सदस्यता लेते हुए मनीष खंडूड़ी ने कहा वह पिछले 5 साल से कांग्रेस में थे। कांग्रेस में सभी उनके अच्छे मित्र हैंं। मनीष ने कहा राहुल गांधी से भी उनकी अच्छी बातचीत है। राहुल गांधी एक अच्छे इंसान हैं, लेकिन देश का नेतृत्व करने की क्षमता केवल पीएम मोदी में है। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूड़ी के बेटे मनीष खंडूड़ी ने कहा भारतीय जनता पार्टी ने उनके परिवार में उनके पिता और बहन के रूप में बहुत कुछ दिया है। पार्टी के उनके परिवार पर काफी एहसान हैं। वह उन्हीं एहसानों को चुकाने के लिए भाजपा में आए हैं।
मनीष खंडूड़ी ने कहा वह बिना किसी स्वार्थ के भारतीय जनता पार्टी में आए हैं। उन्होंने कहा जब वह कॉर्पोरेट जगत की नौकरी छोड़कर आए थे तो वह केवल नेशन बिल्डिंग और उत्तराखंड के लोगों के लिए कुछ करना चाहते थे। जिसके लिए वह राजनीति में आए थे। यह कांग्रेस में संभव नहीं हो पा रहा था। जिसे अब वह पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाएंगे। मनीष खंडूड़ी के भाजपा में सदस्यता लेने पर उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा मनीष पारिवारिक रूप से भाजपा के बेहद करीबी हैं। उनके पिता और बहन भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता हैं। अब वह भी भारतीय जनता पार्टी की मुख्य धारा में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर पार्टी उनका स्वागत करती है। उन्होंने कहा मनीष अपने पिता और बहन की तरह भारतीय जनता पार्टी में रहकर मोदी जी के संकल्प को आगे बढ़ने का काम करेंगे।