हल्द्वानी : विवादों के बीच अस्पताल पहुंचीं दीक्षा पांडे, मां ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, लगाए गंभीर आरोप
हल्द्वानी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीक्षा पांडे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सेना के जवानों की पत्नियों और पहाड़ की महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद लगातार विरोध और आलोचनाओं के बीच दीक्षा पांडे की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका उपचार अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
अब इस पूरे मामले में दीक्षा पांडे की माता का भी बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सभी फौजी भाइयों से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उनकी बेटी ने पहले ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए सोशल मीडिया पर माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार अलग-अलग तरीकों से परेशान किया गया, जिससे वह गहरे मानसिक दबाव और डिप्रेशन में चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉगर कल्पना रावत ने दीक्षा को धमकी भरे अंदाज में कहा था कि ‘अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, अभी बड़ा सीन होने वाला है’। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे परिवार को थाने में घसीटने जैसी बातें कही गईं।
दीक्षा की माता का कहना है कि लगातार बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव के कारण उनकी बेटी ने यह गलत कदम उठा लिया। वहीं डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दीक्षा की स्थिति को लेकर 24 घंटे के भीतर कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता। उनका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल के आईसीयू में जारी है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की निगाहें अब दीक्षा की स्वास्थ्य स्थिति तथा मामले की आगे की जांच पर टिकी हुई हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में दीक्षा पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कथित रूप से पहाड़ की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी तथा फौजी जवानों की पत्नियों को लेकर भी बयान दिया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड ने उनके खिलाफ पुलिस प्रशासन में शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। विवाद बढ़ने पर दीक्षा पांडे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी और कहा था कि उनकी बातों को गलत तरीके से लिया गया है।
इसी बीच बीते सोमवार रात हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल से दीक्षा पांडे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दीक्षा पांडे ब्लॉगर कल्पना रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें लगातार परेशान और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और मामले के दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया का अभी इंतजार है।

