चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

हाईवे सुरक्षा को लेकर चम्पावत में जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं हाई सर्विलांस टीम गठित

ख़बर शेयर करें -

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी हाईवे की नियमित निगरानी, दुर्घटनाओं की रोकथाम पर रहेगा विशेष जोर

चम्पावत। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार जनपद चम्पावत में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं हाई सर्विलांस टीम का गठन किया गया है।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में गठित जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, संबंधित क्षेत्र के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, संबंधित नगर निगम/नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी तथा बीआरओ, एनएच, एनएचआईडीसीएल एवं राष्ट्रीय राजमार्ग/लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को सदस्य नामित किया गया है। अधिशासी अभियंता, एनएच, लोक निर्माण विभाग को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी प्रकार हाई सर्विलांस टीम में संबंधित क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक/थानाध्यक्ष तथा परिवहन विभाग के संबंधित क्षेत्र के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी/प्रवर्तन अधिकारी को शामिल किया गया है। यह टीम राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा की नियमित निगरानी करेगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

हाई सर्विलांस टीम द्वारा विशेष रूप से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, खतरनाक एवं लापरवाही से वाहन चलाने, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य मामलों की निगरानी की जाएगी। साथ ही हाईवे पर आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं सुधारात्मक कार्यों को चिह्नित कर संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं हाई सर्विलांस टीम अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करना होगा। जनपद में हाईवे सुरक्षा की यह नई व्यवस्था दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।