चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

हल्द्वानी रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कथित अभद्रता के विरोध में चम्पावत में प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित रूप से परेशान किए जाने, रैली में बाधा डालने और कार्यकर्ताओं के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को चम्पावत में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के निर्देश पर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला मेहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और नैनीताल एसएसपी का पुतला फूंका और सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित ‘विजय शंखनाद रैली’ के दौरान पुलिस का रवैया कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आपत्तिजनक रहा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Ad Ad

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने आरोप लगाया कि रैली के दौरान पुलिस मशीनरी का दुरुपयोग किया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली स्थल तक पहुंचने से रोका गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल के एसएसपी द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘अराजक तत्व’ कहना भी पूरी तरह गलत है। उन्होंने पुलिस पर सत्ताधारी दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष भूमिका निभाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार दोहराया गया तो पार्टी कार्यकर्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष दिग्विजय कार्की, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला मेहरा, अशोक वर्मा, हेम तिवारी, नानू बोहरा, विमल पांडेय, मनीष मेहर, भुप्पी मेहर, जीवन बिष्ट, कमल रैंसवाल, संजय कुंवर, मनीष, हरीश राय सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।