चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

ललुवापानी डंपिंग साइट पर वर्षों पुराने कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य तेज, जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। चम्पावत नगर को वर्षों पुराने कूड़े के ढेर से मुक्ति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा ललुवापानी रोड स्थित डंपिंग साइट पर जमा लेगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े) के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने डंपिंग साइट का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चम्पावत” परिकल्पना तथा सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नगर को स्वच्छ एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से जमा कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

Ad Ad

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी की देखरेख में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत डंपिंग साइट पर आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक विधियों का उपयोग किया जा रहा है। कार्यस्थल पर जेसीबी और पोकलेन जैसी भारी मशीनों की सहायता से कूड़े का पृथक्करण कर उसका उपचार एवं सुरक्षित निस्तारण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में लंबे समय से पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए चुनौती बने लेगेसी वेस्ट का निस्तारण स्वच्छ एवं स्वस्थ चंपावत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान के पूरा होने के बाद नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषणमुक्त वातावरण का लाभ मिलेगा। साथ ही यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।