हल्द्वानी : महिलाओं के कपड़े चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, पूछताछ में बताया अजीब कारण
टेंशन से छुटकारा पाने के लिए चुराता था महिलाओं के कपड़े, दोस्त ने दी थी सलाह, विदेश में की है पढ़ाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर घरों में घुसकर महिलाओं के कपड़े चोरी करने का आरोप है। आरोपी की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 19 जून की तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक युवक दीवार फांदकर एक घर के परिसर में घुसा और वहां सूख रहे महिलाओं के कपड़े चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे।
23 जून को पीड़ित महिला द्वारा हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान, पंचायतघर रोड क्षेत्र से आरोपी निकेत सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह कोरोना काल में विदेश से पढ़ाई कर हल्द्वानी लौटा था। उसके अनुसार एक मित्र ने उसे सलाह दी थी कि महिलाओं के अंडरगार्मेंट चोरी करने से तनाव कम होता है और मानसिक राहत मिलती है। इसी वजह से उसने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

