नेपाल सीमा के दूरस्थ गांव सील-बरुड़ी पहुंचे डीएम मनीष कुमार, 16 किमी पैदल चलकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
जन चौपाल और रात्रि चौपाल में विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क निर्माण समेत कई समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘जन-जन की सरकार, सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार शनिवार को विकासखंड बाराकोट के नेपाल सीमा से सटे दुर्गम ग्राम सील-बरुड़ी पहुंचे। कठिन पहाड़ी रास्तों से लगभग 15 से 16 किलोमीटर पैदल यात्रा कर गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने जन चौपाल एवं रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और विभिन्न विभागों की योजनाओं व विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खराब मौसम और रेड अलर्ट के कारण प्रस्तावित शिविर आयोजित नहीं हो सका, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधान के आग्रह पर अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई। जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी पात्र लोगों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।



ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने मौके से ही मुख्य अभियंता यूआरआरडीए एस.के. पाठक से दूरभाष पर वार्ता की। बताया गया कि 22.4 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में निर्मित ‘ज्ञान सेतु’ सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को ग्रामीणों की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




समाज कल्याण विभाग की ओर से जिलाधिकारी के निर्देश पर खीम सिंह, रतन सिंह, महासिंह और उमेश सिंह को निःशुल्क श्रवण यंत्र वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 55 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा 30 लोगों की शुगर और रक्तचाप की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सील-बरुड़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दोनों संस्थानों की व्यवस्थाओं की सराहना की और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने किसान सम्मान निधि, विद्युत पोल, राशन कार्ड तथा विद्युत लाइन की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खड़क सिंह, भाजपा बाराकोट मंडल उपाध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह सामंत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई बी.सी. नैनवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट से डॉ. मंजीत, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

